June 5, 2026

एसआईआर के तहत 15 जून से 14 जुलाई तक होगा मतदाताओं का सत्यापन – जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी

  • 22 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम सूची

नूंह, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम आगामी 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा, जिसके तहत बूथ स्तर पर घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। अभियान के उपरांत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने सभी निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ, सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों (एईआरओ) को निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा सुपरवाइजर्स को समयबद्ध प्रशिक्षण देकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया जाए। मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसका शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि एसआईआर के दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए ‘गणना फॉर्म’ हिंदी भाषा में उपलब्ध कराए जाएंगे। यह फॉर्म 5 जून 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे। जिन घरों से गणना फॉर्म वापस प्राप्त नहीं होंगे, वहां बीएलओ पड़ोसियों से जानकारी एकत्र कर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लिकेट मतदाताओं की पहचान करेंगे। प्रत्येक ऐसे घर का कम से कम तीन बार दौरा करना बीएलओ के लिए अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी घर में संबंधित मतदाता उपस्थित नहीं है तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य गणना फॉर्म पर हस्ताक्षर कर उसे बीएलओ को सौंप सकता है। ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भरने वाले मतदाताओं के मामलों में भी बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं होंगे, उनकी बूथवार सूची पंचायत भवनों, शहरी निकाय कार्यालयों तथा बीडीपीओ कार्यालयों के नोटिस बोर्डों पर प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही नाम शामिल न होने के संभावित कारण भी सार्वजनिक किए जाएंगे। यह सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइटों पर भी उपलब्ध रहेंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी ने बताया कि जिला सचिवालय में मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 तथा हेल्पडेस्क स्थापित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त जिले में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वीप गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा, जिसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *