ऋण आवंटन में वृद्धि के लिए विशेष शिविर लगाएं सभी बैंक : गंधर्वा राठौड़
हमीरपुर । उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सभी सरकारी और गैर सरकारी बैंकों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अधिक से अधिक लोगों को ऋण योजनाओं से जोड़ने के लिए पंचायत जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के सहयोग से नियमित रूप से विशेष जागरुकता एवं ऋण आवंटन शिविर लगाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बैंकों की ऋण योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके और जिला की सीडी रेशो (ऋण एवं जमा अनुपात) में सुधार हो सके। अगली त्रैमासिक बैठक में सभी बैंक इन शिविरों की विस्तृत रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें।
शुक्रवार को यहां हमीर भवन में जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने ये निर्देश दिए। इस बैठक में 31 मार्च 2026 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही की उपलब्धियों की समीक्षा की गई तथा इस वित्त वर्ष के लक्ष्यों पर व्यापक चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान जिला में कुल 1819 करोड़ रुपये के ऋण आवंटित किए गए और इस दौरान जिला के सभी बैंकों में ऋण एवं जमा राशि का अनुपात लगभग 23.76 प्रतिशत रहा, जिसमें काफी ज्यादा सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से कहा कि वे ऋण आवंटन के मामलों को लंबित न रखें और सरकार की विभिन्न सब्सिडी योजनाओं से संबंधित ऋण के मामलों को तुरंत मंजूरी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जिला हमीरपुर में कृषि, पशुपालन, एमएसएमई, स्वयं सहायता समूह और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण आवंटन के साथ-साथ सोलर प्लांट, शिक्षा ऋण और हाउस लोन में भी काफी अच्छी संभावनाएं हैं। बैंकों को इस दिशा में प्रयास करने चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिला में 45,630 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड दिए गए हैं। अन्य छूटे किसानों को भी प्राथमिकता के आधार पर केसीसी प्रदान करें, ताकि वे आसानी से ऋण ले सकें। एनआरएलएम, एनयूएलएम और स्वनिधि के पात्र लोगों एवं स्वयं सहायता समूहों के ऋण के मामलों में भी विलंब न करें।
बैठक में पीएमईजीपी, एससीएसटी निगम और कई अन्य योजनाओं की समीक्षा भी की गई। उपायुक्त ने पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की उपलब्धियों से संबंधित पुस्तिका विमोचन भी किया।
इस अवसर पर मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल ने विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग, भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ आशीष सांगड़ा, नाबार्ड के डीडीएम नरेश कुमार, आरसेटी के निदेशक अजय कतना और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
