खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके राहुल गांधी
फोन पर जनसभा को किया संबोधित
अल्मोड़ा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को खराब मौसम के कारण अल्मोड़ा नहीं पहुंच सके। इसके बावजूद उन्होंने फोन के माध्यम से परिवर्तन का शंखनाद जनसभा को संबोधित किया और लोगों से जल्द दोबारा मिलने का वादा किया।
राहुल गांधी दिल्ली से पंतनगर हवाई अड्डे पहुंचे थे। वहां से उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा पहुंचकर जनसभा में हिस्सा लेना था, लेकिन प्रतिकूल मौसम के चलते उड़ान संभव नहीं हो सकी। सुरक्षा कारणों से पायलट ने हेलीकॉप्टर उड़ाने से इनकार कर दिया।जनसभा स्थल पर मौजूद कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने मंच पर अपने मोबाइल फोन के जरिए राहुल गांधी को लोगों से जोड़ा। इसके बाद राहुल ने पंतनगर हवाई अड्डे से ही फोन पर सभा को संबोधित किया।
राहुल गांधी ने अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाने पर खेद जताते हुए कहा कि वह लोगों के बीच आकर उनकी समस्याएं, उम्मीदें और चिंताएं सुनना चाहते थे, लेकिन मौसम की गंभीर खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया।उन्होंने कहा कि उन्हें उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति, राज्य के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों, युवाओं और प्रदेश के भविष्य पर लोगों से चर्चा करनी थी। इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ बैठक और कोटद्वार में एक कार्यक्रम भी निर्धारित था। राहुल गांधी ने कहा- प्रकृति के आगे हम सभी विनम्र हैं और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। परिस्थितियां भले ही अनुकूल न हों, लेकिन आपसे मिलने और जुड़ने की मेरी इच्छा कम नहीं हुई है।
उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही दोबारा उत्तराखंड आएंगे और पर्याप्त समय निकालकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे।
गौरतलब है कि अगले वर्ष प्रस्तावित उत्तराखंड विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस जनसभा में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
