सरकार की जन संवाद की प्रतिबद्धता का प्रतीक रात्रि ठहराव कार्यक्रम: डीसी अनुपमा अंजली
डालनवास गाँव में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में डीसी अनुपमा अंजली व एसपी दीपक कुमार ने सुनी जनसमस्याएं
महेंद्रगढ़(सतनाली), 02 जून। हरियाणा सरकार की सुशासन की अवधारणा को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक माह रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सतनाली खंड के गांव डालनवास में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीसी अनुपमा अंजली ने की। इस अवसर पर पुलिस विभाग की तरफ से पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान डीसी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए गांव व आसपास के क्षेत्रों से आई 60 से अधिक शिकायतें और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि रात्रि ठहराव जनसंवाद में ग्रामीणों और जिला प्रशासन के बीच अपनेपन और आत्मीयता का संचार होता है। इस बीच सरपंच सुनीता और ग्रामीणो ने डीसी अनुपमा अंजली और अन्य अधिकारियों का स्वागत किया। कार्यक्रम से पहले डीसी अनुपमा अंजली व प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूल प्रांगण में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
डीसी अनुपमा अंजली ने सभी ग्रामवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि नागरिकों ने बहुत ही अच्छे तरीके से अपनी समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थी ज्यादा से ज्यादा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। पात्र नागरिक सरकार की पेंशन सहित अन्य योजनाओं का लाभ उठाएं जहां भी कहीं समस्या आती है प्रशासन को अवगत करवाएं। डीसी ने कहा कि रात्रि ठहराव केवल एक प्रशासनिक गतिविधि नहीं, बल्कि यह सरकार की जन संवाद की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन जनता के द्वार तक पहुंच रहा है, जिससे समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने में पारदर्शिता आई है।
डीसी ने कहा कि कई समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों की भागीदारी से संभव है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का निवारण प्राथमिकता व समयबद्धता से सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या दोहराने की आवश्यकता न पड़े।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क, जल निकासी, अवैध कब्जे छुड़वाने,बिजली और पानी से जुड़ी समस्याएं खुलकर रखीं। डीसी ने मौके पर संबंधित अधिकारियों को अविलंब समाधान निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी निर्धारित समयावधि में समस्या का समाधान करना सुनिश्चित करें।
