सरकाघाट में मतगणना को लेकर दूसरा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
सरकाघाट,
गोपालपुर विकास खंड में पंचायती राज चुनाव-2026 के दृष्टिगत 31 मई को होने वाली जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से राजकीय डिग्री कॉलेज सरकाघाट में दूसरा मतगणना प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने की।
इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट ने मतगणना ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना करते हुए समयबद्धता, अनुशासन एवं आपसी समन्वय बनाए रखना आवश्यक है, ताकि मतगणना प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतगणना कर्मियों को मतगणना प्रक्रिया, मतगणना टेबल प्रबंधन, अभिलेख संधारण, परिणाम संकलन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मतगणना कार्य को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
