May 28, 2026

कांग्रेसी नेता सहित परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलकर मौत

चलती कार बनी आग का गोला

अजमेर, राजस्थान के अजमेर में चलती कार में आग लगने से कांग्रेसी नेता सहित परिवार के 4 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना अजमेर से करीब 60 किलोमीटर दूर बोराड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह 5.30 बजे की है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ी को मौके पर बुलाया गया। लेकिन, तब तक 4 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई और कार पूरी तरह जल गई।

जानकारी के मुताबिक चलती स्कॉर्पियो कार में अचानक आग लगने से पूर्व सरपंच व जिला परिषद सदस्य रामसिंह चौधरी सहित परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में उनकी मां पूर्व सरपंच पूसी देवी, पत्नी और भांजी महिमा भी जिंदा जल गईं। बताया जा रहा है कि आग लगते ही कार पूरी तरह आग के गोले में बदल गई। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार सुबह पूसी देवी के सीने में अचानक दर्द होने लगा। ऐसे में रामसिंह चौधरी उन्हें लेकर अस्पताल जा रहे थे। इस दौरान रामसिंह की पत्नी और भांज भी कार में सवार थी। लेकिन, अस्पताल पहुंचने से पहले ही कार में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कार सवार लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। पुलिस ने आसपास से मंगाए गए टैंकरों से कार में लगी आग पर काबू पाया।

अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही डिप्टी आयुष वशिष्ठ, बोराड़ा थाना अधिकारी सूर्यभान सिंह और अरांई थाना अधिकारी रोशन सामरिया मौके पर पहुंचे। प्राप्त जानकारी के अनुसार एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस शॉर्ट सर्किट सहित हर पहलू को ध्यान में रखकर हादसे की जांच कर रही है। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि अभी घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *