पीएम मोदी से पंगा लेना नॉर्वे की पत्रकार को पड़ा भारी
रातों-रात फेसबुक-इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नॉर्वे दौरे के दौरान ओस्लो में तीखे सवाल पूछने की कोशिश करने वाली महिला पत्रकार हेली लेंग नई मुसीबत में फंस गई हैं। भारतीय अधिकारी सिबी जॉर्ज के साथ हुई उनकी तीखी बहस के बाद अब उन्होंने दावा किया है कि भारी ऑनलाइन ट्रोलिंग के बीच मेटा ने उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट को पूरी तरह से सस्पेंड कर दिया है।
प्रेस स्वतंत्रता और मानवाधिकार के मुद्दे पर भारत को घेरने की कोशिश करने वाली डागसाविसेन अखबार की पत्रकार हेली लेंग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के सस्पेंड होने की जानकारी एक्स पर साझा की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि प्रेस की आजादी के लिए यह बहुत छोटी सी कीमत है, लेकिन उन्होंने अपनी जिंदगी में ऐसा अनुभव पहले कभी नहीं किया। हेली का कहना है कि वह अधिक से अधिक भारतीयों की बातों का जवाब देना चाहती थीं, लेकिन फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट बंद होने से अब इसमें देरी होगी। उन्होंने मेटा से जल्द अपने अकाउंट्स वापस मिलने की उम्मीद भी जताई है।
अकाउंट सस्पेंड होने से ठीक पहले हेली लेंग को इंटरनेट यूजर्स के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर एक्टिव यूजर्स ने उनके पुराने आर्टिकल्स खंगाल निकाले, जिनमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर लिखी गई कुछ पुरानी रिपोर्ट्स शामिल थीं। इसके बाद से ही कई यूजर्स उन्हें फॉरेन प्लांट, जासूस और यहां तक कि चाइनीज प्रॉक्सी कहकर उन पर निशाना साध रहे हैं। भारत में मानवाधिकारों को लेकर पूछे गए उनके सवाल को लेकर भी उनकी कड़ी आलोचना की जा रही है।
भले ही हेली लेंग को भयंकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा हो, लेकिन इस पूरे विवाद ने एक्स पर उनकी लोकप्रियता को आसमान पर पहुंचा दिया है। सोमवार को इस घटना के होने से पहले तक उनके मात्र आठ सौ से भी कम फॉलोअर्स थे। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी से जुड़े इस विवाद के वायरल होने के महज कुछ ही दिनों के भीतर उनके फॉलोअर्स का आंकड़ा पैंतालीस हजार के पार पहुंच गया है।
