May 18, 2026

वीडी सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडी सतीशन ने केरलम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने केरलम की नई सरकार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर वीडी सतीशन जी को बधाई। उनके कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं। केंद्र सरकार, नवगठित केरलम सरकार को लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में हर संभव सहयोग का आश्वासन देती है। तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता वीडी सतीशन को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वीडी सतीशन के अलावा उनके 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी इस भव्य समारोह में शपथ ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन, एपी अनिल कुमार और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) प्रमुख सनी जोसेफ ने शपथ ली।
इसके अलावा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) नेता पीके कुन्हालीकुट्टी, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) नेता शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस नेता मॉन्स जोसेफ, केरल कांग्रेस (जैकब) नेता अनूप जैकब और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीएमपी) नेता सीपी जॉन ने शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
वीडी सतीशन के शपथ ग्रहण के साथ ही केरलम में सीपीआई(एम) के दिग्गज नेता पिनाराई विजयन के एक दशक लंबे शासन का औपचारिक रूप से अंत हो गया। दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के नेतृत्व में कांग्रेस के आखिरी बार सत्ता में आने के 15 साल बाद कांग्रेस नेतृत्व वाला यूडीएफ सत्ता में वापस आया है।
हाल ही में संपन्न चुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने जबरदस्त वापसी करते हुए 140 सदस्यों वाली विधानसभा में 102 सीटें जीतीं जबकि अकेले कांग्रेस ने 63 सीटें हासिल कीं, जो राज्य में उसका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *