नीदरलैंड के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने राजा अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से की मुलाकात
एम्स्टर्डम, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय नीदरलैंड यात्रा पर हैं। व्यस्त शेड्युल के बीच पीएम मोदी ने शनिवार को नीदरलैंड के किंग विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात की। राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा ने अपने आधिकारिक महल ह्यूस टेन वॉश पैलेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरी गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पीएम ने अतिथि पुस्तक में भी भावनाएं प्रेषित कीं। इस दौरान वो राजा-रानी के साथ बैठकर गंभीर मंत्रणा करते भी दिखे। इससे पहले पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीय समुदाय को द हेग में संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत-नीदरलैंड के बीच समानताओं और करीबी संबंधों को अहम बताया।
पीएम मोदी ने हेग में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “आज यहां जो माहौल है, उसे देखकर लग रहा है कि द हेग लिविंग सिंबल ऑफ इंडियन फ्रेंडशिप बन गया है। ये दिखाता है कि पासपोर्ट का रंग बदल सकता है, एड्रेस बदल सकता है और टाइम जोन भी बदल सकता है लेकिन मां भारती की संतानों की गर्मजोशी और जिंदगी का जश्न मनाने का जज्बा हमेशा साथ रहता है।” इस दौरान वर्तमान ऊर्जा संकट से होने वाली मुश्किलों से भी चेताया।
पीएम ने यहां रह रहे भारतवंशियों की प्रशंसा करते हुए आगे कहा- बीते वर्षों में जब भी मेरी नेदरलैंड्स के लीडर्स से बात हुई है, वे हमेशा भारतीय डायस्पोरा की बहुत प्रशंसा करते आए हैं। मतलब कि आप सब की प्रशंसा करते हैं। आप नेदरलैंड्स के समाज और यहां की इकॉनॉमी में जो कंट्रीब्यूट कर रहे हैं, उस पर हर भारतवासी को गर्व है। मैं आज इस अवसर पर नेदरलैंड्स की जनता का, यहां की सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। मैं यहां की जनता को 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से अपनी शुभकामनाएं देता हूं।
वहीं, नीदरलैंड के राजपरिवार की बात करें तो ये यूरोप के सबसे पुराने शाही परिवारों में से एक माना जाता है। इसे हाउस ऑफ ऑरेंज-नासाउ कहा जाता है। वर्तमान राजा ने 2013 में अपनी मां क्वीन बीट्रिक्स के पद छोड़ने के बाद राजगद्दी संभाली और इस तरह विलेम-अलेक्जेंडर करीब 100 साल बाद नीदरलैंड के पहले पुरुष राजा बने।
राजा की पत्नी का नाम क्वीन मैक्सिमा है। वह मूल रूप से अर्जेंटीना की हैं।
