सोने की चमक बढ़ी, चांदी में आई 0.75 प्रतिशत की गिरावट
मुंबई, सोने और चांदी में गुरुवार के शुरुआती सत्र में मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। एक तरफ सोने में तेजी बनी हुई थी। वहीं, चांदी लाल निशान में थी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह 10:36 पर सोने का 5 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 396 रुपए या 0.24 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,62,638 रुपए पर था। अब तक के कारोबार ने सोने ने 1,63,055 रुपए का उच्चतम स्तर और 1,61,027 रुपए का न्यूनतम स्तर बनाया है।
सोने के उलट चांदी में कमजोरी देखी जा रही है। चांदी का 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 2,238 रुपए या 0.75 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,98,000 रुपए पर था। अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,94,450 रुपए का न्यूनतम स्तर और 2,99,000 रुपए का उच्च स्तर बनाया है। सोने की अपेक्षा चांदी में गिरावट की एक वजह मुनाफावसूली को भी माना जा रहा है, जो कि बुधवार के सत्र में 3,00,000 लाख रुपए के पार निकल गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी में मिलाजुला कारोबार हो रहा है। कॉमेक्स पर सोना 0.03 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 4,708 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.87 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 87.68 डॉलर प्रति औंस पर थी। दूसरी तरफ, भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी। सेंसेक्स और निफ्टी आधा-आधा प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती कारोबार में बाजार में तेजी का नेतृत्व फार्मा, हेल्थकेयर और मेटल शेयर कर रहे थे। सूचकांकों में निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी मेटल टॉप गेनर्स थे।निफ्टी एनर्जी, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी पीएसई, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी ऑयल एंड गैस के साथ करीब सभी सूचकांक हरे निशान में थे।
