May 14, 2026

भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में खुला, फार्मा और मेटल स्टॉक्स में तेजी

मुंबई, भारतीय शेयर बाजार गुरुवार के कारोबारी सत्र में मजबूती के खुला। सुबह 9:20 पर सेंसेक्स 354 अंक या 0.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,963 और निफ्टी 146 अंक या 0.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,554 पर था। शुरुआती कारोबार में बाजार में तेजी का नेतृत्व फार्मा, हेल्थकेयर और मेटल शेयर कर रहे थे। सूचकांकों में निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी मेटल टॉप गेनर्स थे। निफ्टी एनर्जी, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी पीएसई, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी ऑयल एंड गैस के साथ करीब सभी सूचकांक हरे निशान में थे।

लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में तेजी के साथ कारोबार हो रहा था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 395 अंक या 0.66 प्रतिशत की तेजी के साथ 60,560 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 89 अंक या 0.50 प्रतिशत की मजबूती के साथ 18,083 अंक पर था। सेंसेक्स पैक में अदाणी पोर्ट्स, ट्रेंट, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, सन फार्मा, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक,भारती एयरटेल, टाटा स्टील, आईटीसी, एलएंडटी, पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट, एमएंडएम, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, बीईएल, बजाज फाइनेंस, एचयूएल, कोटक महिंद्रा बैंक और मारुति सुजुकी गेनर्स थे। एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टीसीएस और टेक महिंद्रा लूजर्स थे।

ज्यादातर एशियाई बाजार तेजी के साथ खुले थे। टोक्यो, हांगकांग, बैंकॉक और सोल हरे निशान में थे, जबकि शंघाई लाल निशान में था। अमेरिकी बाजार की भी करीब यही स्थिति थी, बुधवार को मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक 1.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ।

विदेशी संस्थागत निवशक (एफआईआई) शुद्ध विक्रेता बने हुए हैं और बुधवार को इक्विटी में 4,703.15 करोड़ रुपए की बिकवाली की। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) ने इक्विटी में 5,869.05 करोड़ रुपए का निवेश किया। कच्चे तेल में तेजी जारी है। डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 101 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ 106 डॉलर प्रति औंस पर था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *