खैबर पख्तूनख्वा में धमाका, 7 की मौत और 23 घायल
पेशावर, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा स्थित लक्की मरवत की सराय नौरंग तहसील में मंगलवार को एक जबरदस्त धमाका हुआ। इस धमाके में दो पुलिसकर्मियों समेत 7 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय पुलिस के हवाले से मीडिया ने ये जानकारी दी। जाने माने दैनिक डॉन के अनुसार, जिला पुलिस अधिकारी के प्रवक्ता कुदरतुल्लाह खान ने एक बयान में कहा कि इस घटना में 23 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। घटना की प्रकृति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोटक से लदा लोडर रिक्शा खड़ा था या किसी आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। फिलहाल बम निरोधक दस्ते के विशेषज्ञ विस्फोट की प्रकृति का पता लगाने में जुटे हैं।
उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों की पहचान आदिल जान और राहतुल्लाह के रूप में की। आगे कहा कि शवों को तहसील मुख्यालय अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि कुछ घायलों को बन्नू के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक किशोरी और एक महिला भी शामिल हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस वॉर्डन हमेशा की तरह व्यस्त चौक पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। वो बन्नू और डेरा इस्माइल खान के बीच यातायात को नियंत्रित कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में विस्फोट के कारण कई दुकानों और तीन पहिया वाहनों के परखच्चे उड़ते दिखे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौरंग सर्कल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। टीम ने इलाके को घेर लिया और सबूत जुटाए जा रहे हैं।
इससे पहले, रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता शाहदाब खान ने विस्फोट की पुष्टि करते हुए कहा था कि एम्बुलेंस और बचाव दल को घटनास्थल पर भेज दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बचाव एजेंसियों के साथ सहयोग करें और विस्फोट स्थल से दूर रहें।
