May 6, 2026

चुनाव से पहले ब्लास्ट करवाना भाजपा का तरीका: भगवंत मान

चंडीगढ़, पंजाब में एक सप्ताह के भीतर हुए तीन धमाकों के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दल भाजपा और कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पलटवार करते हुए इन घटनाओं के पीछे भाजपा की राजनीति को जिम्मेदार ठहराया है।

श्री आनंदपुर साहिब में शुक्राना यात्रा की शुरुआत के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में जो माहौल बनाने की कोशिश हो रही है, वह भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावों से पहले लोगों में डर और तनाव का माहौल पैदा करने की कोशिश करती है।
सीएम मान ने कहा- बंगाल में चुनाव खत्म हो चुके हैं और अब पंजाब की तरफ ध्यान दिया जा रहा है। हाल ही में जो ब्लास्ट की घटनाएं हुई हैं, वे बीजेपी की चुनावी तैयारी का हिस्सा लगती हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब हमेशा से भाईचारे और शांति का संदेश देने वाला राज्य रहा है और यहां के लोग सरबत दा भला की भावना में विश्वास रखते हैं। ऐसे में राज्य में भय और अस्थिरता फैलाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर लोगों को डराकर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा जहां भी जाती है, वहां पहले तनाव और टकराव का माहौल तैयार किया जाता है। भगवंत मान ने कहा- बीजेपी हिंसा और डर का माहौल बनाकर वोट हासिल करना चाहती है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि पंजाब पहले ही कठिन दौर देख चुका है। यहां के लोगों के जख्म अभी पूरी तरह भरे नहीं हैं, इसलिए ऐसी राजनीति से बचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *