मोहाली में श्री गुटका साहिब की बेअदबी, इलाके में तनाव
सड़क पर बिखरे मिले अंग
मोहाली, मंगलवार शाम पंजाब के मोहाली स्थित सोहाना इलाके में श्री गुटका साहिब की कथित बेअदबी का मामला सामने आया है। गुरुद्वारा सिंह शहीदां के पास स्थित माता साहिब कौर गुरुद्वारा के नजदीक सड़क पर इसके क्षतिग्रस्त अंग मिलने से क्षेत्र में तनाव फैल गया।
घटना के विरोध में सिख संगत ने एयरपोर्ट रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम को हुई। गुरुद्वारे के एक सेवादार ने सड़क पर पवित्र ग्रंथ के अंग देखे, जिसके बाद यह खबर तेजी से फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि यह किसी साजिश के तहत इलाके में तनाव फैलाने की कोशिश हो सकती है। साथ ही, यह भी संभावना व्यक्त की गई कि ये अंग आसपास के गुरुद्वारे से संबंधित हो सकते हैं, जिसकी जांच की मांग की गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोहाली सिटी-2 के डीएसपी हरसिमरन सिंह बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
