हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक दर्दनाक हादसा
सड़क किनारे खड़े हाइड्रे से टकराई कार
मंडी, हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस थाना बल्ह के अंतर्गत सोमवार रात यह हादसा हुआ। एचपी 82-8322 नंबर की कार सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से जा टकराई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार युवक नेरचौक से सुंदरनगर की ओर तेज रफ्तार में जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से कार की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की प्राथमिक उपचार के दौरान ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनिल कुमार उम्र 28 निवासी पलाही, रोहित कुमार उम्र 26 निवासी अंद्रेटा और सुभाष कुमार उम्र 35 निवासी पलाही उपमंडल बल्ह जिला मंडी के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में घायल हरीश उर्फ सन्नी (23) निवासी वडमाह और पंकज कुमार निवासी पलाही को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
