May 1, 2026

नूंह में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य व कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर राज्यपाल ने दिया बल

  • आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करना हो प्रशासन का उद्देश्य – प्रोफेसर असीम कुमार घोष
  • समन्वित प्रयासों से नूंह जिले को विकास के शिखर तक पहुंचाना हो अधिकारियों का उद्देश्य

नूंह, – हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने जिला नूंह के लघु सचिवालय स्थित सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत इंटरैक्शन किया। इस दौरान उन्होंने जिले के समग्र विकास के लिए ठोस एवं समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करना होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी नागरिक अपनी समस्याओं के साथ प्रशासन के पास आते हैं, उन्हें उचित सुनवाई और संतोषजनक समाधान मिले, जिससे जनता और प्रशासन के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने जिले के आधारभूत ढांचे जैसे सरकारी कार्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं और शैक्षणिक संस्थानों को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता जताई। राज्यपाल ने कहा कि सरकारी भवन केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं होते, बल्कि यह सरकार और जनता के संयुक्त प्रयासों का प्रतीक हैं। इन संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को सकारात्मक कार्य वातावरण बनाए रखते हुए आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना चाहिए।
शिक्षा के क्षेत्र पर विशेष ध्यान देते हुए राज्यपाल ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता तथा विद्यार्थियों में अंग्रेजी एवं आधुनिक विषयों की दक्षता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्कूलों में बढ़ती ड्रॉपआउट दर को गंभीर विषय बताते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर कम करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा एवं उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए भी ठोस कदम उठाने की आवश्यकता बताई।
स्वास्थ्य सेवाओं के संदर्भ में राज्यपाल ने अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार, डॉक्टरों एवं स्टाफ की उपलब्धता तथा आपातकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दोनों विभाग जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को शांति, स्थिरता एवं जनविश्वास कायम रखने के निर्देश दिए गए।
राज्यपाल ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में आईटी सेक्टर, शिक्षा हब तथा खेल सुविधाओं के विकास पर बल देते हुए कहा कि कौशल विकास और रोजगार सृजन के माध्यम से जिले के युवाओं को नई दिशा प्रदान की जा सकती है। समन्वित प्रयासों से नूंह जिले को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जा सकता है।
बैठक के दौरान उपायुक्त एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी राज्यपाल को दी। साथ ही शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर राज्यपाल ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल असीम कुमार घोष ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर प्रयासों और बेहतर समन्वय से ही जिले का सर्वांगीण विकास संभव है तथा आमजन के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है। इससे पहले राज्यपाल ने लघु सचिवालय की द्वितीय मंजिल पर स्थित सभागार का नवीनीकरण उपरांत उद्ïघाटन किया। इससे पहले राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष का जिला नूंह में आगमन पर सर्किट हाउस में उनके सम्मान में पुलिस की टुकड़ी ने औपचारिक रूप से हथियारों की सलामी के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला उपायुक्त अखिल पिलानी ने राज्यपाल का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया, जबकि अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने राज्यपाल की धर्मपत्नी श्रीमती मित्रा घोष का सम्मान स्वरूप शॉल भेंट कर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल हरियाणा के सचिव विजय कुमार भावीकट्ïटी व एडीसी धीरज सेतिया, पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एएसपी शशि शेखर, डीएमसी दलबीर सिंह, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण, एसडीएम तावड़ू जितेन्द्र कुमार, एसडीएम पुन्हाना अमित गुलिया, मेडिकल कॉलेज नल्लहड़ के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. संदीप मेहता सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *