April 30, 2026

जनगणना–2027 के सफल आयोजन हेतु तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न

जनगणना–2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ के सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से आयोजित फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन आज सहायक आयुक्त (उपायुक्त) किन्नौर विपन ठाकुर की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

समापन अवसर पर अपने संबोधन में विपन ठाकुर ने जनगणना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया शासन के नीति-निर्माण तथा विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती है। उन्होंने सभी 14 फील्ड ट्रेनरों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान को अपने अधीनस्थ 243 सुपरवाइजरों एवं गणनाकर्मियों (एन्यूमेरेटर्स) तक प्रभावी ढंग से प्रसारित करें, ताकि जनगणना कार्य का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का जमीनी स्तर पर सही क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है, जिससे आंकड़ों की सटीकता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके। सहायक आयुक्त ने प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, दिशानिर्देशों एवं तकनीकी पहलुओं के प्रभावी प्रसार हेतु आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला किन्नौर के साथ-साथ लाहौल एवं स्पीति (ताबो एवं स्पीति क्षेत्र) के दो फील्ड ट्रेनरों ने भी भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना कार्य से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं एवं प्रावधानों की विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनगणना अधिनियम, 1948 तथा जनगणना नियम, 1990 के प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिवस प्रतिभागियों को जनगणना में प्रयुक्त एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) ऐप का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे उन्हें डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन की प्रक्रिया को समझने में सहायता मिली।

उन्होंने अवगत कराया कि प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर आगामी जून 2026 में अपने अधीनस्थ सुपरवाइजरों एवं गणनाकर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। जनगणना–2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 1 जून से 15 जून, 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी, जिसके उपरांत 16 जून से 15 जुलाई, 2026 तक हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (मकान सूचीकरण कार्य) किया जाएगा।

यह प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय के प्रियांशु तिवारी (मास्टर ट्रेनर), मनुज कुमार (नोडल अधिकारी, किन्नौर) तथा रविंदर सिंह (मास्टर ट्रेनर) द्वारा प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *