कनाडा में दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट में हंगामा
मंच पर सिक्योरिटी गार्ड से भिड़े पन्नू के आतंकी
नई दिल्ली, कनाडा के वैंकूवर में मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का ऑरा-2026 म्यूजिक कॉन्सर्ट उस समय विवादों में आ गया, जब कार्यक्रम के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी अचानक भीतर घुस आए और नारेबाजी शुरू कर दी। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने दिलजीत दोसांझ पर भारतीय राजनीतिक संगठनों भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े होने के आरोप लगाए। इस दौरान उन्होंने मंच के पास पहुंचने की कोशिश की, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूत्रों का दावा है कि हंगामा करने वालों में पवनदीप सिंह बस्सी और मनदीप सिंह रवि नामक व्यक्ति शामिल थे, जिनका संबंध प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस से बताया जा रहा है। इस संगठन का नेतृत्व कथित तौर पर भगोड़ा घोषित गुरपतवंत सिंह पन्नू करता है।
जब सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालने और प्रदर्शनकारियों को बाहर निकालने का प्रयास किया, तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ समय के लिए कार्यक्रम बाधित रहा और संगीत की जगह नारेबाजी सुनाई देने लगी। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने जल्द ही हालात पर काबू पा लिया और कॉन्सर्ट दोबारा शुरू कराया गया। घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि वे भविष्य में भी दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों का विरोध जारी रखेंगे। इस बयान के बाद गायक के आगामी अंतरराष्ट्रीय शोज की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि यह लाइव कॉन्सर्ट 27 अप्रैल को आयोजित किया गया था, जब दिलजीत दोसांझ कनाडा दौरे पर हैं। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स का मानना है कि इस तरह की घटनाएं जानबूझकर कलाकारों को विवादों में घसीटने के लिए की जा रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी खालिस्तान समर्थक समूह खालिस्तान आंदोलन से जुड़े लोग विदेशों में दिलजीत के कार्यक्रमों का विरोध कर चुके हैं। पिछले साल पर्थ में हुए एक शो के दौरान भी इसी तरह का विरोध देखने को मिला था।
