February 25, 2026

राज्यपाल ने भारी बारिश के कारण जान-माल की क्षति पर दुःख व्यक्त किया

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने लगातार भारी बारिश के कारण प्रदेश में भूस्खलन और बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों एवं शोक संतप्त परिवारों के लिए गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मिक शांति की प्रार्थना की है। उन्होंने प्रभावित व्यक्तियों को तत्काल राहत उपलब्ध करवााने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी लोगों को आपदा की इस विकट स्थिति का एक साथ मिलकर सामना करना चाहिए। इस स्थिति से निपटने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित कर रही है और केंद्र सरकार की ओर से भी स्थिति की निगरानी की जा रही है।

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी दूरभाष पर बात कर स्थिति की जानकारी हासिल की। उन्होंने अवगत करवाया कि अचानक आई बाढ़ के कारण फंसे लोगों को बचाने के लिए मंडी और कुल्लू में विभिन्न स्थानों पर बचाव दल युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। प्रदेश के जिला प्रशासन सतर्क है और आपात स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1100, 1070, 1077 जारी किए गए हैं।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया है कि आपदा की इस स्थिति में घबराएं नहीं और अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के समीप न जाएं और इस संबंध में जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने पर्यटकों से भी प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने का आग्रह किया है। राज्य में प्राकृतिक आपदा के दृष्टिगत राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश का अपना दौरा रद्द कर दिया है। उन्होंने सभी उपायुक्तों को भारी बारिश और बाढ़ से राज्य में हुई जान-माल की हानि से भी उन्हें अवगत करवाने का निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला रेडक्रॉस सोसायटी से भी राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *