सभी जिलों में मतदाता सूचियां फाइनल
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव की तस्वीर साफ होने वाली है। सभी पंचायतों में मतदाता सूचियां फाइनल हो गई हैं, ऐसे में अब निर्वाचन आयोग जल्द ही पंचायत चुनाव का एलान कर सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची मंगलवार को प्रदेश में पंचायत चुनाव की घोषणा करेंगे।
पंचायत चुनाव संबंधी सभी प्रकार की औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, अब केवल आयोग की ओर से घोषणा होने का इंतजार है।
सभी जिलों में मतदाता सूचियां फाइनल हो गई हैं। ऐसे में अब राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव कार्यक्रम का एलान करेगा। हिमाचल प्रदेश की 3773 पंचायतों में चुनाव होने हैं। पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड पंच सहित पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य पांच पदों के लिए मतदान होगा। जिला हमीरपुर में पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत सभी पंचायतों की संशोधित मतदाता सूचियां प्रकाशित कर दी गई हैं। ये सूचियां एक अप्रैल 2026 की अर्हक तिथि के आधार पर तैयार की गई हैं, जिससे पात्र मतदाताओं का सही रिकार्ड सुनिश्चित किया जा सके। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि विभाजन एवं पुनर्गठन से प्रभावित 33 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन पूरा हो गया है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अपनी पंचायतों की मतदाता सूचियों का अवलोकन करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
