हमने मुनीर और शहबाज के कहने पर ईरान पर हमले रोके: ट्रंप
सीजफायर के लिए पाकिस्तान को दिया क्रेडिट
नई दिल्ली, अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर की समयसीमा समाप्त होने से कुछ घंटे पहले ही युद्धविराम को आगे बढ़ाने का ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान की ओर से एकीकृत प्रस्ताव सामने आने तक यह सीजफायर लागू रहेगा।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर बताया कि ईरानी नेतृत्व के भीतर मतभेदों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि उन्हें स्थायी शांति समझौते के लिए समय मिल सके। उन्होंने इस फैसले का श्रेय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत को दिया। ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के आग्रह पर हमले को फिलहाल स्थगित किया गया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के तटीय इलाकों की नाकाबंदी जारी रहेगी और अमेरिकी सेना पूरी तरह सतर्क और तैयार है।
वहीं पाकिस्तान ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। आसिम मुनीर ने ट्रंप का आभार जताते हुए कहा कि पाकिस्तान क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए अपने कूटनीतिक प्रयास जारी रखेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पक्ष युद्धविराम का पालन करेंगे और इस्लामाबाद में प्रस्तावित वार्ता के अगले दौर में स्थायी समाधान की दिशा में प्रगति होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे पाकिस्तान की कोशिश अपनी वैश्विक छवि को सुधारने और कूटनीतिक प्रभाव बढ़ाने की है। आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए यह अवसर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत करने और निवेश आकर्षित करने में मददगार साबित हो सकता है।
