April 22, 2026

ट्रंप ने ईरान के साथ बढ़ाया युद्धविराम, बोले-होर्मुज पर नाकाबंदी जारी रहेगी

तेहरान ने भी दिया करारा जबाव

नई दिल्ली, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्धविराम को बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अपील पर फिलहाल हमले रोक दिए गए हैं, ताकि ईरान की सरकार एकमत प्रस्ताव पेश कर सके।

इस घोषणा पर ईरान की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरानी संसद अध्यक्ष के सलाहकार महदी मोहम्मदी ने इस कदम को खारिज करते हुए कहा कि हारने वाला पक्ष शर्तें नहीं थोप सकता। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रंप द्वारा युद्धविराम बढ़ाने का ईरान के लिए कोई महत्व नहीं है और अमेरिका के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने का आह्वान किया।

ट्रंप ने अपने बयान में दावा किया कि ईरान की सरकार गंभीर रूप से कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की अपील को ध्यान में रखते हुए हमले अस्थायी रूप से रोके गए हैं, लेकिन अमेरिकी सैन्य कमांडरों को घेराबंदी जारी रखने और पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अप्रैल 2026 में शुरू हुए अमेरिका-ईरान संघर्ष के बाद पाकिस्तान की मध्यस्थता में दो सप्ताह का युद्धविराम लागू किया गया था। यह युद्धविराम मंगलवार-बुधवार को समाप्त होने वाला था, लेकिन अब इसे अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया गया है।

इस बीच, अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखने का निर्णय लिया है। होर्मुज जलडमरूमध्य, जो वैश्विक तेल व्यापार का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, वहां अमेरिकी नौसेना की मौजूदगी बरकरार रहेगी। इससे पहले ईरान ने इस जलडमरूमध्य को बंद करने की धमकी दी थी और कुछ जहाजों से टोल वसूली की कोशिश की थी, जिसके जवाब में अमेरिका ने नाकाबंदी शुरू की थी।

हाल ही में अमेरिकी बलों ने ईरानी झंडे वाले एक कार्गो जहाज को भी जब्त किया था। ट्रंप ने कहा कि यह नाकाबंदी ईरान की अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर डाल रही है और किसी ठोस समझौते तक इसे जारी रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *