April 21, 2026

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में गैस पाइपलाइन में भीषण विस्फोट

8 लोगों की मौत; कई घायल

पेशावर, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हरिपुर जिले में एक औद्योगिक क्षेत्र में गैस पाइपलाइन में भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा हत्तर इंडस्ट्रियल एस्टेट में ग्रैंड ट्रंक रोड के पास एक कारखाने के नजदीक हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना तेज था कि तुरंत भीषण आग लग गई, जो तेजी से आसपास के इलाके में फैल गई। आग की चपेट में एक नजदीकी मकान भी आ गया, जिससे नुकसान बढ़ गया और बचाव कार्य मुश्किल हो गया।

पाकिस्तान की आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के अधिकारियों ने बताया कि हादसे में आठ लोगों की जान गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हरिपुर के जिला पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आग फैलने के दौरान कम से कम चार महिलाओं और छह बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, कुछ महिलाएं और बच्चे झुलस गए हैं, जिनका इलाज जारी है।

हरिपुर के उपायुक्त वसीम अहमद ने बताया कि अधिकांश मौतें दम घुटने के कारण हुई प्रतीत होती हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज दूर-दराज के इलाकों में भी सुनी गई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *