April 12, 2026

मां बगलामुखी जयंती इस वर्ष तीन दिवसीय उत्सव के रूप में होगी आयोजित: विधायक कमलेश ठाकुर

बनखंडी में निर्माणाधीन जूलॉजिकल पार्क का भी किया निरीक्षण

देहरा,
विधायक कमलेश ठाकुर ने आज प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उसके उपरांत मंदिर न्यास की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष मां बगलामुखी जयंती को तीन दिवसीय उत्सव के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
बैठक में मंदिर न्यास की कार्यकारिणी के सदस्य भी उपस्थित रहे तथा जयंती के सफल आयोजन को लेकर उनके सुझाव आमंत्रित किए गए। सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
निर्णय के अनुसार जयंती के मुख्य दिवस पर झंडा रस्म, विशेष पूजा-अर्चना, मंदिर प्रांगण में भव्य महाआरती तथा कन्या पूजन जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त तीनों दिनों तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा।
मंदिर न्यास की ओर से विधायक को अवगत कराया गया कि मंदिर में सभी धार्मिक उत्सव प्रतिवर्ष बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किए जाते हैं तथा वर्षभर विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाती हैं। महंत के मार्गदर्शन में मंदिर ट्रस्ट द्वारा जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता, आपदा राहत कोष में योगदान, गरीब कन्याओं के विवाह हेतु सहायता तथा श्रद्धालुओं के लिए लंगर एवं चाय की व्यवस्था निरंतर संचालित की जा रही है।
इसके अतिरिक्त मंदिर ट्रस्ट द्वारा स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों की शिक्षा के लिए कॉपियां एवं फीस आदि की व्यवस्था भी की जा रही है।
कमलेश ठाकुर ने मंदिर न्यास द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह सभी कार्य माता रानी की कृपा से संभव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्य भी माता रानी के आशीर्वाद का परिणाम हैं तथा वे स्वयं को जनता का सेवक मानते हुए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने जयंती को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने पर बल देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी प्रकार की कमी नहीं आनी चाहिए। बैठक में पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक ने आश्वस्त किया कि जयंती आयोजन से संबंधित जो भी कार्य उनके स्तर पर होंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा तथा आवश्यक सहयोग हर संभव प्रदान किया जाएगा।

उसके उपरांत विधायक ने बनखंडी में निर्माणाधीन दुर्गेश अरण्य वन्य प्राणी उद्यान (जूलॉजिकल पार्क) के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकासात्मक परियोजनाओं के पूर्ण होने से देहरा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर महंत रजत गिरि , राज माता , मंदिर अधिकारी ,हिमाचल पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम कांगड़ा के उप महा प्रबंधक सतीश ठाकुर,पूर्व निदेशक दि कांगड़ा राज्य सहकारी बैंक चौधरी सुनील कश्यप , पूर्व महासचिव इंद्रजीत शर्मा,आरटीए सदस्य पवन चौधरी, विकलांग कल्याण बोर्ड के सदस्य अवनीत पठानियां, , यूथ ब्लॉक अध्यक्ष सुमित ठाकुर,आचार्य दिनेश ,मंदिर न्यास की कार्यकारिणी के सदस्य व गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *