April 12, 2026

लोक निर्माण मंत्री की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत मंड्यालू में “मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित

कार्यक्रम में ग्रामीणों की 17 समस्याओं का किया समाधान

शिमला : लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह की अध्यक्षता में आज शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बसंतपुर के नजदीक ग्राम पंचायत मंड्यालू के मंडयालू में “मंत्री आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पंचायत क्षेत्र तथा आसपास की पंचायतों से आए ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं एवं मांगें रखी। कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों के सहयोग से 17 समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया।
इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में नव गठित मंडयालू पंचायत के लिए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि इस क्षेत्र के लोगों की काफी पुरानी मांग पूरी गई है। उन्होंने कहा कि पंचायत घर ही एक ऐसा केंद्र बिंदु होता है जहां से विकास योजनाओं की रुपरेखा तैयार होती है और उन योजनाओं को अमलीजामा भी पहनाया जाता है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को नए भवन मिलने से पंचायत प्रतिनिधियों को तो सुविधा तो मिलती ही है क्षेत्र के लोगों को बैठने व अपनी बात रखने का पर्याप्त मंच मिलता हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी पंचायतों का समान विकास सुनिश्चित किया गया है। पंचायतों के सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया जारी है, पुराने पंचायत भवनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है और जहां-जहां नए पंचायत भवन बनाये जा रहे है उन्हें एक मुश्त राशि स्वीकृत करके एकरूप डिजाइन एवं पैट्रन पर निर्मित कर क्षेत्र के लोगों को एक ही छत के नीचे पंचायत से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि बसंतपुर पंचायत से अलग हुई इस नवगठित ग्राम पंचायत में भी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जायेगी। उन्होंने पंचायत के लोगों से पंचायत भवन निर्माण के लिए जमीन तलाशने का आहवान किया ताकि भवन निर्माण किया जा सके।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश की हर पंचायत का विकास हमारी प्राथमिकता है और इसमें कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि “मंत्री आपके द्वार” आपका अपना कार्यक्रम है जिसके माध्यम से आप सभी ग्रामीणों की समस्याएं एवं मांगे आपके घरद्वार पर ही सुनी जाती है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वह अपनी समस्याओं और मांगों को निसंकोच होकर रखें ताकि उनका निवारण किया जा सके।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस क्षेत्र के विकास के लिए वह हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि बडमेन से बसंतपुर संपर्क सड़क को पूर्ण कर सड़क सुविधा दी गई है जिसपर 6.84 लाख खर्च किए गए है। बरसात के कारण यह सड़क थोड़ी खराब हुई है जिसे ठीक करने के लिए अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि बसंतपुर के मडूखर में पॉलीटेक्निक कॉलेज का एक बहुत भवन निर्मित किया जा रहा है जिसपर 50.5 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देखा गया है कि पिछले समय में किसी भी भवन निर्माण के समय उसका आकार बहुत बड़ा किया जाता था परंतु बाद में उस भवन का सही उपयोग नहीं हो पाता था और काफी कमरे खाली रह जाते है इसलिए भविष्य में आवश्यकता के अनुसार ही भवनों के निर्माण किए जाएंगे जितनी जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की मांग पर बसंतपुर के मड़ुखर में एक बड़ा खेल मैदान का निर्माण भी किया जा रहा है जिसके बनने से क्षेत्र के युवाओं को क्रिकेट सहित अन्य सभी खेल प्रतियोगिताए करवाई जा सकेंगी। इसी तरह बच्चों को एकांत में शिक्षा ग्रहण करने तथा प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारियों के लिए सुन्नी के नजदीक हनुमान मंदिर के पास एक बड़ी लाइब्रेरी का निर्माण कार्य जारी है जिस पर 2.35 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि पिछले 3 वर्षों के दौरान बसंतपुर पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 16 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि मंड्यालू से मटेन संपर्क सड़क के लिए बजट का प्रावधान किया जाएगा तथा ट्रांसफार्मर को अपग्रेड कर के बिजली की समस्या का समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंड्यालू के लिए बनी सिंचाई योजना के संवर्धन के लिए भी बजट का प्रावधान किया जाएगा।
इससे पहले स्थानीय लोगों ने नई बनी पंचायत के लिए लोक निर्माण मंत्री का भव्य स्वागत किया और नई पंचायत देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पंचायत समिति बसंतपुर के पूर्व उपाध्यक्ष कमल प्रकाश, शिमला-किन्नौर मार्किटिंग बोर्ड के निदेशक प्रदीप वर्मा, पूर्व कांग्रेस मंडलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, सेवानिवृत अतिरिक्त निदेशक ट्रेज़री हीरामणि, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुन्नी प्रदीप शर्मा, पूर्व मनोनित नगर परिषद सदस्य आशा कंवर, पूर्व बीडीसी सदस्य शकुंतला देवी, पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत बसंतपुर मीना वर्मा, पूर्व प्रधान घरयाना पंचायत ज्योति, वरिष्ठ कार्यकर्ता तुलाराम, कपिला गुप्ता, तालीमल राणा, रेखा, कमल कुमार, गिरीश, मुकेश कंवर, कमल, ललित, तहसीलदार सुन्नी सुनील चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, आसपास की पंचायतों के पूर्व पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न युवक एवं महिला मंडल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों उपस्थित रहे और ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *