कुटलैहड़ कांग्रेस कमेटी ने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की मनाई पुण्यतिथि, विधायक देवेंद्र भुट्टो रहे चीफ गेस्ट
राजा वीरभद्र सिंह मेरे जीवन के आइकॉन कुटलैहड़ में मेरी जीत उन्हें समर्पित: देवेंद्र कुमार भुट्टो
अजय कुमार, बंगाणा, हिमाचल प्रदेश के निर्माता कहे जाने वाले राज्य के 6 बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि पर कुटलैहड़ कांग्रेस ने होटल करण राज में विशाल कार्यक्रम किया जिसमें कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करके वीरभद्र सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर भुट्टो ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह अपने आप में एक युग थे और हिमाचल की जनता के दिलों में राज करते थे। वर्ष 2016 में जब उन्होंने उनके नेतृत्व में कांग्रेस की सदस्यता ली थी तो उन्हें वीरभद्र सिंह से बहुत कुछ सीखने को मिला। भुट्टो ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह चाहते थे कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का विधायक बने। आज कुटलैहड़ में वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से जनता ने कांग्रेस पार्टी को नेतृत्व दिया है लेकिन खुद वीरभद्र सिंह आज हमारे बीच नहीं हैं। कुटलैहड़ में कांग्रेस की जीत वे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को समर्पित करते हैं। भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में वीरभद्र सिंह का विशेष आशीर्वाद रहा है। कॉलेज, स्कूल एवं अन्य सरकारी कार्यालयों के अलावा कुटलैहड़ में अधिकतम विकास वीरभद्र सिंह की देन है। उन्होंने कहा कि वे विधानसभा क्षेत्र को स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के पद चिन्हों पर चलते हुए सभी से मिलकर और आगे ले जाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से कुटलैहड़ को विकास का मॉडल बनाएंगे। विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जनता को चापलूसों की राजनीति से छुटकारा मिला है। विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने मंच से कुटलैहड़ के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि कुटलैहड़ में भाजपा के पुराने दिग्गज कांग्रेस पार्टी की सदस्य ले रहे हैं ऐसे में कांग्रेसी कार्यकर्ता उन्हें पूरा मान सम्मान दें। देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं और सभी इकट्ठे होकर किस प्रकार लोकसभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी को भारी बहुमत से जिताना है, इस पर आज से ही काम शुरू करें। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में पंचायत स्तर पर वे समस्याओं का हल कर रहे हैं और विकास को बढ़ावा दे रहे हैं। जो भी जनता की मांग है, उसके लिए सरकार से धन भी स्वीकृत करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ के विकास के लिए धन की कमी नहीं आएगी और गरीब होने के कारण कोई बच्चा पढ़ाई से वंचित नहीं रहेगा। इससे पूर्व कुटलैहड़ कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा शर्मा ने विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो का कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वागत एवं जनता और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। इस मौके पर राज्य रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश संयोजक सुरेंद्र ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राम आसरा शर्मा, महासचिव प्रवीण पादा, अजय शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता विजय डोगरा, लेखराज भारतीय, कुलदीप, पूर्व बीडीसी सदस्य दीप कुमार उर्फ पिंटू लाला, ममता प्रधान कोटला खुर्द, सुदर्शन, अजय शर्मा, प्रवीण पादा, बीडीसी अच्छर बीबी,बीडीसी राजकुमार, सुरेश पंडित, श्याम चंदेल, मनीष शर्मा,गोपाल सैनी, पूर्व प्रधान राकेश कुमार, दिनेश खत्री, शिशन ठाकुर, दौलतराम, केवल कृष्ण,चमनलाल फोरमैन, गुरदीप पुरेवाल, आरसी शर्मा, सुखदेव शर्मा, पूर्व प्रधान रमेश बंगा, युवा कांग्रेस से नीरज ठाकुर, हर्ष शर्मा, करण प्रधान चुरडी,यशपाल चौधरी, रोहित रॉकी के अलावा सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद रहे।
