नंगल में भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस मनाने के लिए तैयारी शुरू
7 अप्रैल को सूरेवाल में होगा भव्य कार्यक्रम का आयोजन
शिवांकुर शर्मा, नंगल: नंगल के ग्रामीण क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस को लेकर माहौल पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गांव जिंदबड़ी, अजौली, बंदलेहड़ी व ढेर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों द्वारा लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा व उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस क्रम में पंजाब भाजपा के उपप्रधान डा. सुभाष शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा, राष्ट्रसेवा व जनकल्याण के संकल्प को दोहराने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, पारदर्शिता व सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन्हें जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
डा. सुभाष शर्मा ने आगे कहा कि आने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय होकर कार्य करना होगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है, जो अपनी मेहनत व निष्ठा से पार्टी को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से यह स्थापना दिवस क्षेत्र में एक प्रेरणादायक व यादगार आयोजन के रूप में स्थापित होगा।
वहीं 7 अप्रैल को गांव सूरेवाल स्थित होटल पर्ल में आयोजित होने वाली बैठक को लेकर भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
