March 29, 2026

डीसी गंधर्वा राठौड़ ने किया एचपीवी वैक्सीनेशन का शुभारंभ

हमीरपुर । सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय की ग्रीवा का कैंसर) से बचाव हेतु 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान रविवार को जिला हमीरपुर में भी 32 स्वास्थ्य संस्थानों में आरंभ हो गया।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर में टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल हमीरपुर और नागरिक अस्पताल नादौन, बड़सर, भोरंज, सुजानपुर तथा टौणी देवी के अलावा सीएचसी गलोड़, सीएचसी बिझड़ी, पीएचसी बगवाड़ा, बड़ाग्राम, भरेड़ी, भोटा, चबूतरा, चौरी, चकमोह, चौडू, धनेटा, गारली, गुब्बर, जाहू, जंगलबैरी, कांगू, कड़ोहता, कुठेड़ा, महल, नालटी, ननावां, पटलांदर, सलौणी, सेरा, उहल और एसएचक्यू बोहणी में भी टीकाकरण की सुविधा प्रदान की जा रही है।
टीकाकरण अभियान के शुभारंभ अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामले बहुत ज्यादा पाए जाते हैं। एचपीवी वैक्सीन का यह टीका लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाएगा। उन्होंने सभी जिलावासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने परिवारों की 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की सभी लड़कियों को यह टीका अवश्य लगवाएं।
जिला में पहले चरण में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लगभग 4338 लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का एक-एक टीका लगाया जाना है। स्वास्थ्य विभाग ने इन लड़कियों का पहले ही वेब पोर्टल पर पंजीकरण कर लिया है।
जिला के इन्हीं स्वास्थ्य संस्थानों में 5 अप्रैल और 12 अप्रैल को भी सुबह 10 से दोपहर बाद 3 बजे तक टीके लगाए जाएंगे। छूटी लड़कियों के लिए 19 अप्रैल, 10 मई, 24 मई और 21 जून को भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ रमेश भारती, सीएमओ डॉ प्रवीण चौधरी, मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ देशराज शर्मा, टौणी देवी के बीएमओ डॉ रमेश रत्तू, अन्य चिकित्सक, अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी और लड़कियों के अभिभावक भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *