March 29, 2026

जिला बिलासपुर में ह्यूमन पेपीलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शुरू

क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर से उपायुक्त राहुल कुमार ने किया अभियान का शुभारंभ

14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 2735 किशोरियों का 30 स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से होगा टीकाकरण

बिलासपुर, उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज क्षेत्रीय अस्पताल परिसर से ह्यूमन पेपीलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान आगामी 5 अप्रैल तथा 12 अप्रैल को भी जारी रहेगा। इस विशेष टीकाकरण अभियान का उद्देश्य 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. शशि दत्त शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी (टीकाकरण) डाॅ. दीपक सहित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि ह्यूमन पेपीलोमा वायरस (एचपीवी) एक सामान्य वायरस है, जो आगे चलकर महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है। समय पर टीकाकरण इस बीमारी की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है और यह अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि यह विशेष टीकाकरण अभियान आगामी 5 अप्रैल तथा 12 अप्रैल को भी संचालित किया जाएगा, ताकि जिले की सभी पात्र किशोरियों को इसका लाभ सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिले के चार चिकित्सा खंडों के अंतर्गत कुल 30 स्वास्थ्य संस्थानों को इस अभियान के लिए चिन्हित किया गया है, जिसके माध्यम से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 2735 किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि यह टीका पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह टीका सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग की किशोरियां इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने जिले के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वह अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों को एचपीवी टीकाकरण के लिए चिन्हित अपने नजदीकी सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा क्षेत्रीय अस्पताल में ले जाकर यह टीका अनिवार्य रूप से लगवाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने एचपीवी टीकाकरण को लेकर लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रांतियों पर ध्यान न देने तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा दी जा रही जानकारी पर ही विश्वास करने का आह्वान किया।

जिला के इन 30 स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध है एचपीवी टीकाकरण सुविधा

जिला बिलासपुर में एचपीवी टीकाकरण की सुविधा 30 स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध है। घुमारवीं चिकित्सा खंड के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भराड़ी, सिविल अस्पताल (सीएच) घुमारवीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरलोग तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुठेड़ा जबकि झंडुता चिकित्सा खंड के तहत सिविल अस्पताल (सीएच), बरठीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तलाई तथा झंडुता, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भेहड़ी, गेहड़वीं, कलोल, मरोतन, पनौल तथा ऋषिकेश शामिल हैं।

इसी तरह चिकित्सा खंड मारकंड के अंतर्गत क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर स्थित एमसीएच, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी पंजगाई, सिविल अस्पताल मारकंड, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीएचसी बागी सुंगल, भजून, छडोल, मलोखर, नम्होल, राजपुरा, मंडी मानवा तथा श्री नैना देवी जी चिकित्सा खंड के अंतर्गत सिविल अस्पताल घवांडल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वाहण, तरसूह, टोबा, भाखड़ा तथा बैहल में यह सुविधा उपलब्ध है।

किसी कारणवश अभियान के दौरान जो किशोरियां छूट जाएंगी उनका टीकाकरण आगामी 19 अप्रैल, 10 मई और 24 मई तथा 21 जून 2026 को किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *