March 28, 2026

नशे पर अंकुश लगाने के लिए सभी की एकजुटता आवश्यक – मनमोहन शर्माज़िला स्तरीय नारको समन्वय समिति की बैठक आयोजित

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई पर अंकुश लगाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। मनमोहन शर्मा आज यहां ज़िला स्तरीय नारको समन्वय समिति (एनसीओआरडी) के तहत आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार मादक पदार्थ चिट्टे के विरुद्ध ‘चिट्टा मुक्त सोलन अभियान’ कार्यान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज़िला सोलन को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सोलन ज़िला में चिट्टा मुक्त विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों के आस-पास का समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित बनाए। इस दिशा में विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विद्यालय स्तर पर आंतरिक जागरूकता भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ज़िला प्रशासन का उद्देश्य मादक पदार्थों पर रोक लगाना है। सोलन को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर तक समितियों का गठन किया गया है।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला में ऐसी ग्राम पंचायतों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जो नशे के मामले में रेड ज़ोन में रखी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा ज़िला के ऐसे सभी क्षेत्रों का विशेष अनुश्रवण किया जा रहा है कि जहां नशाखोरी की घटनाएं अधिक हैं।
बैठक में विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों सहित स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बहुमूल्य सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमलाराजू एसडी वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार चंदेल, उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी शिल्पा कपिल, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, उपमण्डलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट गोपाल चंद शर्मा, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार, ज़िला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदम देव शर्मा, ज़िला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *