कहलूर लोकोत्सव के दूसरे दिन 53 महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों ने दी प्रस्तुतियों
बिलासपुर, 19 मार्च: राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 के तहत आयोजित कहलूर लोकोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक रंगों की शानदार छटा देखने को मिली। इस अवसर पर 53 महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, व्यक्तिगत कलाकारों तथा विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
लोकोत्सव के दूसरे दिन महिला मंडलों और स्थानीय सांस्कृतिक दलों ने गिद्दा, लोक-गीत, संस्कार गीत, लोक-नृत्य, धाजा और एकल गीत जैसी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के साथ कलाकारों ने हिमाचली लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश की, जिससे पूरा माहौल उत्साह और सांस्कृतिक रंग में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कहलूर लोकोत्सव आयोजन समिति की संयोजक एवं जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल भी उपस्थित रहीं।
