March 9, 2026

राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने मुख्यमंत्री से की भेंट

ऊना, . हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार धीमान ने आयोग के सदस्यों अधिवक्ता विजय डोगरा और अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा के साथ रविवार को शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से उनके आधिकारिक निवास ओकओवर में शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान मुख्यमंत्री और आयोग के अध्यक्ष व सदस्यों के बीच आयोग की गतिविधियों तथा अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति समुदाय के हितों की रक्षा के लिए आयोग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कुल जनसंख्या का लगभग 26 प्रतिशत हिस्सा अनुसूचित जाति समुदाय का है, इसलिए उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान से संबंधित योजनाओं को गंभीरता और प्रभावी ढंग से लागू किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वंचित वर्गों के कल्याण के प्रति पूर्णतः संकल्पित है और इस दिशा में आयोग अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति समुदाय के संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण और उनके प्रचार-प्रसार में आयोग की अहम भूमिका है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आयोग अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ करता रहेगा।
इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार धीमान ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप आयोग को ऊना जिले के रामपुर में कार्यालय भवन निर्माण के लिए 10 कनाल भूमि उपलब्ध करवाई गई है, जिसका हस्तांतरण भी आयोग के नाम कर दिया गया है। उन्होंने आगामी वित्त वर्ष में भवन निर्माण कार्य शुरू करने के लिए बजट प्रावधान करने का आग्रह किया, ताकि वहां कार्यालय भवन के साथ लाइब्रेरी, संग्रहालय और छायाचित्र वीथिका का निर्माण किया जा सके।
श्री धीमान ने मुख्यमंत्री को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बधाई दी तथा महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री को कांग्रेस उम्मीदवार अनुराग शर्मा के राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्विरोध निर्वाचन के लिए भी बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *