March 5, 2026

आईटीआई ऊना में अप्रेंटिसशिप मेला 9 मार्च को

ऊना, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई)ऊना में युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के सुनहरे अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 09 मार्च को अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में अप्रेंटिसशिप प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
आईटीआई ऊना के प्रधानाचार्य अंशुल भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अप्रेंटिसशिप मेले में विभिन्न नामी कंपनियां भाग लेंगी, जिनमें सुखजीत एग्रो इंडस्ट्रीज, प्रीतिका ऑटो इंडस्ट्रीज, जीएनए एक्सल्स लिमिटेड, रालसन इंडिया, कौशल रोलर फ्लोर मिल और इंटरनेशनल कार्ड एंड मोटर्स लिमिटेड शामिल हैं। इन कंपनियों द्वारा कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में फिटर, टर्नर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, मशीनिस्ट, टूल एंड डाई मेकर, मैकेनिक ट्रेक्टर, डीजल मैकेनिक, मैकेनिक मोटर व्हीकल, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक्स, कोपा, कारपेंटर, ऑटो इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर ट्रेडों से कोर्स पूर्ण कर चुके सभी पुरुष व महिला अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप एक्ट के प्रावधानों के अनुसार वृतिका देय होगी।

अंशुल भारद्वाज ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों सहित निर्धारित तिथि को उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *