सुप्रीम कोर्ट का फैसला लुटेरे देशों को अरबों डॉलर लौटा सकता है: ट्रंप
वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले पर गहरी निराशा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से उन देशों और कंपनियों को सैकड़ों अरब डॉलर वापस मिल सकते हैं, जिन्होंने वर्षों तक अमेरिका का शोषण किया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए सुप्रीम कोर्ट से फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
उन्होंने लिखा कि इस निर्णय के बाद वे देश और कंपनियां, जो पहले अमेरिका को नुकसान पहुंचाती रही हैं, अब और अधिक लाभ उठा सकती हैं। ट्रंप ने सवाल उठाया कि क्या इस मामले की दोबारा सुनवाई या निर्णय संभव है।
सुप्रीम कोर्ट का फैसला
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ऑफ़ यूनाइटेड स्टेट ने 20 फरवरी को 6-3 के बहुमत से फैसला सुनाते हुए ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए वैश्विक टैरिफ को असंवैधानिक ठहराया था। अदालत ने कहा कि टैरिफ लगाने में इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट का दुरुपयोग किया गया। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका स्वीकार होना बेहद दुर्लभ है, हालांकि सैद्धांतिक रूप से इसकी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
