February 26, 2026

सकारात्मक सोच और सही करियर विकल्प से ही बनता है उज्ज्वल भविष्य: आरएस बाली

पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़ोह में करियर मार्गदर्शन एवं भविष्य निर्माण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत

कहा… बड़ोह स्कूल अब सीबीएसई के अंतर्गत, विद्यार्थियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा का अवसर

धर्मशाला, 26 फ़रवरी। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) एवं विधायक नगरोटा बगवां आर.एस. बाली ने आज वीरवार को पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़ोह में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए आयोजित एक दिवसीय करियर मार्गदर्शन एवं भविष्य निर्माण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में नगरोटा बगवां विधान सभा क्षेत्र के 10 विद्यालयों से 12वीं कक्षा के लगभग 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
आरएस बाली ने विद्यार्थियों को जीवन में हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। सकारात्मक दृष्टिकोण न केवल चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देता है, बल्कि आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास की भावना भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में उज्ज्वल भविष्य के लिए कौन-कौन से विकल्प सुनहरी साबित हो सकते हैं, इसके प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। युवाओं को अपनी रुचि, क्षमता और कौशल के अनुसार विभिन्न करियर अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सही दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए, तभी वे अपने जीवन को सफल और सार्थक बना सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा का युग है, इसलिए युवाओं को अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा के अनुरूप करियर का चयन करना चाहिए। उन्होंने कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और स्वरोजगार के अवसरों पर विशेष बल देते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।
आर.एस. बाली ने कहा कि बदलते समय के साथ नए-नए क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं, जिनका लाभ उठाने के लिए युवाओं को तकनीकी ज्ञान और कौशल विकास पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बडोह को अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से मान्यता भी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने इस अवसर पर विद्यार्थियों को अपनी ओर से एक-एक डायरी भी वितरित की।
इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय देहरी के प्रधानाचार्य सचिन कुमार, राजकीय महाविद्यालय बडोह के प्रधानाचार्य, प्रधानाचार्य निखिल शर्मा, बीडीओ बड़ोह, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक, स्कूल के विधार्थी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *