February 18, 2026

उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा, मायावती ने किया ऐलान

बोलीं-गठबंधन की खबरें निराधार

लखनऊ, बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने किसी भी दल के साथ गठबंधन की चल रही चर्चाओं को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है।

मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गठबंधन से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें और “हाथी की मस्त चाल” के साथ चुनावी तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बीएसपी अपनी ताकत पर भरोसा करती है और बिना किसी सहारे के चुनाव मैदान में उतरेगी।

उन्होंने कहा कि अन्य दलों के साथ हाथ मिलाने की खबरें जानबूझकर फैलाई जा रही हैं, ताकि कार्यकर्ताओं का ध्यान भटकाया जा सके। पार्टी का लक्ष्य वर्ष 2007 की तरह प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है।

मायावती ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि विरोधियों के दुष्प्रचार से प्रभावित होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आह्वान किया कि जमीनी स्तर पर जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, ताकि पूर्ण बहुमत का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

दिल्ली में आवंटित टाइप-8 सरकारी बंगले को लेकर उठ रही चर्चाओं पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह आवंटन सुरक्षा और प्रोटोकॉल के तहत किया गया है। इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है और इसे लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी फैलाना गलत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *