February 17, 2026

चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प को मिला जनसमर्थन

नए सुकेती पुल पर 100 फुट लंबा हस्ताक्षर बैनर

मंडी – अंतरार्ष्टारीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान चिट्टा मुक्त अभियान के तहत नए सुकेती पुल पर 100 फुट लंबा हस्ताक्षर बैनर लगाया गया, जिस पर कोई भी नागरिक अपने हस्ताक्षर कर इस जनअभियान से जुड़ सकता है। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्वयं दीवार पर संदेश लिखकर अभियान का शुभारंभ किया तथा बैनर पर हस्ताक्षर कर हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं से इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चिट्टा सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री व उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठा रही है, ताकि भावी पीढ़ी को इसके चंगुल से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस बुराई को जड़ से उखाड़ फेंकने में जन जागरूकता एक महत्वपूर्ण कारक है। स्थानीय प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक अभियान नशामुक्त हिमाचल की संकल्पना को साकार करने में अपनी सार्थक भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकार की नहीं बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज की भागीदारी से ही इस बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस अभियान से जुड़कर नशे जैसी बुराई को समाज से दूर भगाने में अपना सक्रिय सहयोग दें।

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चिट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान की कड़ी में जिला प्रशासन मंडी ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के साथ मिलकर यह हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया। अभियान के तहत लगाए गए 100 फुट लंबे बैनर पर लोगों ने नशामुक्त समाज बनाने का संदेश लिखते हुए हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, चंपा ठाकुर, उपायुक्त मंडी, पुलिस अधीक्षक मंडी तथा अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने भी हस्ताक्षर कर अभियान में भागीदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *