February 14, 2026

होली पर वैष्णो देवी कटरा से दिल्ली और वाराणसी के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

जानें क्या होगी टाइमिंग और रूट्स

नई दिल्ली, उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने होली के मौके पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन संख्या 04081/04082 नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 04603/04604 वाराणसी और कटड़ा के बीच संचालित की जाएगी।रेलवे के मुताबिक, ट्रेन संख्या 04081, 21 फरवरी से 8 मार्च तक नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रात 11:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यह ट्रेन रास्ते में पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू और उधमपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।

वापसी में यही ट्रेन 04082 के रूप में 22 फरवरी से 9 मार्च तक कटड़ा से नई दिल्ली के लिए चलेगी। यह रात 9:20 बजे कटड़ा से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी मार्ग में भी यह पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू और उधमपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इस सेवा से दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी और वे होली के अवसर पर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए सुगमता से यात्रा कर सकेंगे।

इसी क्रम में ट्रेन संख्या 04603, 24 फरवरी से 8 मार्च के बीच चार फेरे लगाते हुए वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशन से कटरा के लिए संचालित होगी। यह सुबह 5 बजे वाराणसी से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6 बजे कटरा पहुंचेगी। मार्ग में यह प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू और उधमपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 04604, 22 फरवरी से 6 मार्च तक चार फेरे के साथ कटरा से वाराणसी के लिए चलेगी। यह शाम 6:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शाम 7 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी मार्ग में यह जम्मू, उधमपुर, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली और प्रतापगढ़ स्टेशनों पर रुकेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन स्पेशल ट्रेनों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ को कम करना और यात्रियों को सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है, क्योंकि नियमित ट्रेनों में इस अवधि में भारी भीड़ रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *