February 12, 2026

चोरों ने एक ही रात में दो घरों से उड़ाया डेढ़ करोड़ का माल

1 किलो सोना और 20 लाख कैश लेकर फरार

शिवपुरी, मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। जिले के इंदार गांव में बीती रात बदमाशों ने दो घरों को निशाना बनाया और करीब डेढ़ करोड़ रुपये का माल लेकर रफूचक्कर हो गए। चोरों ने दोनों घरों से कुल मिलाकर लगभग एक किलो सोना, ढाई किलो चांदी और 20 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ किया है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और ग्रामीण अपनी सुरक्षा को लेकर दहशत में हैं। पुलिस के मुताबिक, बदमाश रात के अंधेरे का फायदा उठाकर छत के रास्ते घरों में दाखिल हुए और इत्मीनान से पूरा घर खंगाल डाला।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सबसे बड़ी सेंधमारी चंद्रप्रकाश रघुवंशी के घर में हुई। पीड़ित परिजन आशीष रघुवंशी ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात करीब 12 बजे सो गए थे, तभी अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। उन्होंने एक कमरे का ताला तोड़ा और वहां रखे संदूकों से कीमती सामान समेट लिया। चोरों ने यहां से 17 सोने की अंगूठियां, 3 हार, 4 चेन और पुरानी सोने की मोहरें चुरा लीं। बताया जा रहा है कि चोरी गए सामान में करीब 50 तोला नया सोना और इतना ही पुश्तैनी सोना शामिल था। इसके अलावा, परिवार ने हाल ही में मक्का बेचकर जो 15 लाख रुपये और पहले से रखे 5 लाख रुपये यानी कुल 20 लाख रुपये नकद घर में रखे थे, वह भी चोर ले उड़े। चंद्रप्रकाश का परिवार संपन्न किसान है और उनके पास 130 बीघा जमीन है, जबकि उनका एक बेटा गुना में पटवारी है।

इसी रात गांव के ही रामवीर सिंह रघुवंशी के घर पर भी चोरों ने धावा बोला। यहां भी चोर कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 12 तोला सोने के जेवर, आधा किलो चांदी और कुछ नकदी लेकर फरार हो गए। एक ही रात में हुई इन दो बड़ी वारदातों की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि वे जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे, लेकिन फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *