February 27, 2026

लुधियाना में ड्रम में मिली युवक की टुकड़ों में कटी लाश, इलाके में मचा हड़कंप

लुधियाना, लुधियाना के जालंधर बाइपास के पास सेक्रेड हार्ट स्कूल के नजदीक एक खाली प्लॉट से युवक का शव टुकड़ों में कटा हुआ ड्रम के अंदर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव का एक हिस्सा जला हुआ था, जबकि बाकी हिस्से सफेद ड्रम में बंद मिले। राहगीरों ने बदबू और संदिग्ध हालात देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय दविंदर के रूप में हुई है, जो लुधियाना की भारती कॉलोनी का रहने वाला था। दविंदर कंप्यूटर इंजीनियर था और पिछले पांच महीनों से मुंबई में मशीनों से जुड़े काम की देखरेख कर रहा था। वह दो दिन पहले ही मुंबई से घर लौटा था, लेकिन घर पर सिर्फ 15 मिनट रुकने के बाद “कटिंग करवाने” की बात कहकर निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा।

दविंदर शादीशुदा था और उसकी सात महीने की एक बेटी है। आज सुबह उसका शव तीन टुकड़ों में कटा हुआ खाली प्लॉट से बरामद हुआ, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

थाना सलेम टाबरी पुलिस की प्रारंभिक जांच में दविंदर के दोस्त शेरा पर हत्या का शक जताया गया है। शेरा मृतक के घर के पास ही रहता है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें शेरा अपने एक साथी के साथ बाइक पर ड्रम ले जाता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास के लोगों के साथ-साथ मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *