30 हजार फीट की ऊंचाई पर भाजपा विधायक ने पढ़ी हनुमान चालीसा
दुबई की फ्लाइट बनी ‘सत्संग भवन’!
जयपुर, नए साल के जश्न के बीच सोशल मीडिया पर एक अनोखा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जमीन पर अक्सर धार्मिक आयोजनों में दिखने वाले राजस्थान के भाजपा विधायक अब आसमान में भी भक्ति रंग में रंगे नजर आए। दुबई जा रही एक फ्लाइट के अंदर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसकी अगुवाई हवामहल सीट से भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने की।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विधायक बालमुकुंद आचार्य अपनी सीट पर खड़े होकर जोर-जोर से हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं। विमान में मौजूद अन्य यात्री, जो उनके साथी और परिजन बताए जा रहे हैं, वे भी ताली बजाते हुए और सस्वर पाठ करते हुए उनका साथ दे रहे हैं। कुछ ही देर में पूरा विमान भक्तिमय माहौल में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान की भजनलाल सरकार के कई विधायक और भाजपा नेता नए साल पर निजी विदेश दौरे पर रवाना हुए हैं। 1 जनवरी की सुबह इस डेलीगेशन ने दुबई के लिए उड़ान भरी। इसी दौरान यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया। बताया जा रहा है कि प्लेन में सवार अधिकतर लोग विधायक और उनके परिवार से जुड़े सदस्य ही थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डेलीगेशन में हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य के अलावा बांदीकुई विधायक भागचंद टांकडा और वरिष्ठ नेत्री अनिता बघेल समेत कई अन्य नेता शामिल हैं। बांदीकुई विधायक भागचंद टांकडा अपने पूरे परिवार के साथ इस टूर पर गए हैं। यह एक 8 दिवसीय निजी दौरा है। यह प्रतिनिधिमंडल दुबई में छुट्टियां बिताने के बाद 8 जनवरी की रात को वापस भारत लौटेगा।
