सीनियर मेडिकल अधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य केंद्र का किया औचक दौरा
रिकॉर्ड समय-समय पर अपडेट रखने के दिए निर्देश
राज घई, कीरतपुर साहिब, डॉ. सुरजीत सिंह, सीनियर मेडिकल अधिकारी ने ब्लॉक कीरतपुर साहिब के आयुष्मान आरोग्य केंद्र गज्जपुर का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एनक्यूएएस (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड) के अंतर्गत ऑनलाइन माध्यम से होने वाले मूल्यांकन की तैयारियों का जायजा लिया और स्टाफ को नियमित रूप से सभी दस्तावेज़ एवं रिकॉर्ड अपडेट रखने के सख्त निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीनियर मेडिकल अधिकारी ने बताया कि उनके द्वारा किए गए इस औचक दौरे का उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्रों में दी जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना है। डॉ. सुरजीत सिंह ने कहा कि औचक निरीक्षण का यह सिलसिला नए वर्ष में भी जारी रहेगा।
उन्होंने एनक्यूएएस की जिला नोडल अधिकारी, रूपनगर की डॉ. हरलीन कौर के नेतृत्व में एनक्यूएएस के अंतर्गत राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त कर चुके तथा राष्ट्रीय मान्यता की तैयारी कर रहे सभी आयुष्मान आरोग्य केंद्रों को अपने रिकॉर्ड अद्यतन रखने, दवाइयों का पूरा स्टॉक सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त करना और मान्यता मिलने के उपरांत अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों में निरंतर सुधार के लिए प्रयासरत रहना ही एनक्यूएएस का मुख्य उद्देश्य है, जिसे पूरी टीम के सहयोग से ही पूरा किया जा सकता है।
इस मौके पर ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर रतिका ओबराय, सी.एच.ओ. पूनम, सी.ओ. भरत कपूर, ए.एन.एम. कुलविंदर कौर तथा आशा वर्कर उपस्थित थीं।
