February 17, 2026

मैं भारत सरकार से माफी मांगता हूं: ललित मोदी

भारत ने तरेरी आँख तो गिड़गिड़ाने लगा आर्थिक अपराधी

नई दिल्ली, करोड़ों रुपये के गबन के आरोपों का सामना कर रहे और भारत में भगोड़े आर्थिक अपराधी घोषित ललित मोदी एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। 22 दिसंबर को सामने आए एक वीडियो में वह भगोड़े कारोबारी विजय माल्या के साथ नजर आए थे। इस वीडियो में ललित मोदी ने खुद को और विजय माल्या को भारत के दो सबसे बड़े भगोड़े बताया था, जिसके बाद देशभर में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

वीडियो वायरल होने के बाद भारत सरकार की ओर से भी सख्त प्रतिक्रिया सामने आई थी। सरकार ने दोहराया था कि विजय माल्या और ललित मोदी, दोनों को भारत वापस लाने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार के इस रुख के बाद अब ललित मोदी बैकफुट पर नजर आ रहे हैं और उन्होंने अपने बयान को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।

ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनके बयान से यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, विशेष रूप से भारत सरकार की, तो वह इसके लिए माफी चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके बयान का आशय वैसा नहीं था, जैसा उसे समझा गया और किसी भी तरह की गलतफहमी के लिए वह फिर से क्षमा मांगते हैं।

दरअसल, 22 दिसंबर को विजय माल्या के जन्मदिन के मौके पर ललित मोदी ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें वह माल्या के साथ दिखाई दे रहा था। वीडियो पोस्ट करते हुए ललित मोदी ने लिखा था- चलो, फिर से इंटरनेट हिला देते हैं। खासकर आप मीडिया वालों के लिए। जलन के साथ देखते रहिए। वीडियो में विजय माल्या अपनी पार्टनर पिंकी लालवानी के साथ मुस्कुराते नजर आए थे।

गौरतलब है कि विजय माल्या 2016 से ब्रिटेन में रह रहा है और वर्ष 2019 में उसे आधिकारिक तौर पर भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया था। उस पर हजारों करोड़ रुपये के बैंक लोन डिफॉल्ट का आरोप है। वहीं, ललित मोदी वर्ष 2010 से विदेश में रह रहा है और उस पर टैक्स चोरी, मनी लॉन्ड्रिंग और आईपीएल से जुड़े कई गंभीर आरोप दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *