February 15, 2026

भाखड़ा बांध मार्ग पर टोल वसूली के खिलाफ बीबीएमबी कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन

शिवांकुर शर्मा, नंगल, भाखड़ा बांध की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर हिमाचल प्रदेश में टोल कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर जबरन टोल वसूली के खिलाफ भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड की मान्यता प्राप्त यूनियन नंगल भाखड़ा मजदूर संघ और साझा मोर्चा ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने टोल कर्मचारियों के रवैये को असहनीय और अन्यायपूर्ण करार देते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे साझा मोर्चा के प्रधान सतनाम सिंह लादी, महासचिव नवीन चंद्र शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष विनोद राणा ने कहा कि भारी बारिश के कारण पहाड़ियों से गिरे मलबे और क्षतिग्रस्त सड़कों को साफ करने के लिए बीबीएमबी ने जेसीबी मशीनें और अन्य उपकरण भेजे थे। लेकिन टोल कर्मचारियों ने इन मशीनों से भी जबरन टोल वसूलने की कोशिश की, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़कों पर मलबा जमा होने से मार्ग अवरुद्ध हैं, जिसके कारण बीबीएमबी कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। यदि समय पर रास्ते साफ नहीं हुए, तो भाखड़ा बांध के गेटों का संचालन और बिजली उत्पादन प्रभावित हो सकता है, जो क्षेत्र की बिजली आपूर्ति के लिए गंभीर खतरा है।
प्रदर्शन में शामिल साझा मोर्चा के मनोज कुमार वर्मा, परमजीत सिंह और हरपाल राणा ,अवतार सिंह, रणवीर सिंह यूनियन ने स्पष्ट किया कि टोल वसूली के विवाद कारण भाखड़ा बंध मार्ग पर मलबा हटाने और सड़क मरम्मत का कार्य बाधित हो रहा है, जिससे न केवल बीबीएमबी का कार्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि बारिश से प्रभावित स्थानीय जनता का जनहित भी सीधे तौर पर प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि हिमाचल सरकार इस अन्यायपूर्ण व्यवस्था में तुरंत सुधार करे, अन्यथा कर्मचारियों को बड़े पैमाने पर संघर्ष के लिए मजबूर होना पड़ेगा। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि भाखड़ा बांध तक जाने वाली सड़कों का रखरखाव और मरम्मत बीबीएमबी द्वारा किया जाता है, इसके बावजूद टोल कर्मचारी बीबीएमबी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से अवैध रूप से टोल वसूल रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि नंगल से भाखड़ा तक की भूमि बीबीएमबी की संपत्ति है, फिर भी इस मार्ग पर टोल लगाना पूरी तरह अवैध और धक्केशाही है।
भाखड़ा बांध जैसे राष्ट्रीय महत्व के बुनियादी ढांचे के संचालन में बाधा डालने वाली टोल वसूली की समस्या को हल करना न केवल बीबीएमबी कर्मचारियों, बल्कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों के हित में भी जरूरी है। यूनियन ने सरकार से त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की अपील की है ताकि इस मार्ग पर सुचारु आवागमन सुनिश्चित हो और जनहित की रक्षा हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *