पंजाब में जल्द 200 नए आम आदमी क्लीनिक खोले जाएंगे: भगवंत मान
चंडीगढ़, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की है कि राज्य में 200 और आम आदमी क्लीनिक खोले जाएंगे, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज न जाना पड़े।
मान ने यहां टैगोर थिएटर में आयोजित समारोह के दौरान 881 आम आदमी क्लीनिकों को व्हाट्सऐप चैटबॉट से जोड़ने की शुरुआत करते हुए कहा कि आम आदमी क्लीनिक देश का सबसे सफल स्वास्थ्य मॉडल बन रहा है, जहाँ मरीजों का संपूर्ण इलाज पूरी तरह मुफ्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जल्द ही 200 और क्लीनिक शुरू करेगी, जिससे इनकी कुल संख्या 1081 हो जाएगी। वर्तमान में 565 क्लीनिक ग्रामीण क्षेत्रों में और 316 शहरी क्षेत्रों में कार्यरत हैं, जहाँ प्रतिदिन लगभग 70,000 मरीज आ रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली में लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।
आम आदमी क्लीनिकों को व्हाट्सऐप चैटबॉट से जोड़ने को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मरीज जब चाहें, अपनी दवाओं और जांच रिपोर्टों की जानकारी मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर की पर्ची, रिपोर्ट, अगली मिलने की तारीख के समय-समय पर रिमाइंडर के अलावा, शुगर व ब्लड प्रेशर से पीड़ित बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों की देखभाल से जुड़ी जानकारी भी व्हाट्सऐप पर दी जाती रहेगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब कुत्ते के काटने पर पीड़ितों को तुरंत इलाज आम आदमी क्लीनिकों में मिलेगा। उन्होंने कहा कि एंटी-रेबीज़ वैक्सीन अब यहीं उपलब्ध होंगे। पहले यह इलाज महंगा होता था और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नहीं होता था, लेकिन अब इसका सारा खर्च सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत हर परिवार को 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ देने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य होगा, जो अपने हर परिवार को इतनी बड़ी सीमा तक स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को मेडिकल हब बनाने के लिए बड़े प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कपूरथला, होशियारपुर, संगरूर और नवांशहर में चार नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को मंजूरी दी जा चुकी है।
