February 20, 2026

उपायुक्त ने निर्माणाधीन राष्ट्रीय उच्चमार्ग के कार्य को गति प्रदान करने के दिए निर्देश

कोटली में शीघ्र संचालित होगा अपना पुस्तकालय- अपूर्व देवगन

मंडी: उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज कोटली उपमंडल के तहत निर्माणाधीन राष्ट्रीय उच्चमार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने कोटली में स्थापित किए जा रहे अपना पुस्तकालय के कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की।

उपायुक्त ने सर्वप्रथम जालंधर-मंडी राष्ट्रीय उच्चमार्ग के अंतर्गत कोटली उपमंडल में निर्माणाधीन इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित एजेंसी से इस सड़क के निर्माण कार्यों के बारे में विभिन्न जानकारी प्राप्त की और लोगों की सुविधा के दृष्टिगत इसके कार्य को गति प्रदान करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साइगलू से कोटली तक इस सड़क पर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया और इनमें जन सुविधा के दृष्टिगत आवश्यक सुधार करने के भी निर्देश दिए।

इसके उपरांत उपायुक्त ने ग्राम पंचायत कोटली में स्थापित किए जा रहे अपना पुस्तकालय का दौरा किया। उन्होंने इस पुस्तकालय की स्थापना के लिए अब तक के कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए इसके संचालन से संबंधित भविष्य की योजनाओं पर भी ग्राम पंचायत के लोगों व संबंधित अधिकारियों से चर्चा की।
अपूर्व देवगन ने कहा कि युवा देश का भविष्य होते हैं और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा की ओर मोड़ने में पुस्तकालय का अहम योगदान होता है। अपना पुस्तकालय एक ऐसी सोच है जिसमें ग्राम स्तर पर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर अन्य उच्च स्तरीय पाठ्य सामग्री उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं का आह्वान किया कि वह इस पुस्तकालय का भरपूर लाभ उठाएं और यहां से प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने सपनों को साकार करते हुए राष्ट्र निर्माण में करें।
इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी (नागरिक) असीम सूद, खंड विकास अधिकारी नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *