राज्य स्तरीय हरोली उत्सव 27 अप्रैल से, भव्य शोभायात्रा से होगा आगाज
राज्यपाल करेंगे शुभारंभ, मुख्यमंत्री होंगे समापन समारोह में मुख्य अतिथि
रजनी, ऊना: बहुप्रतीक्षित राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 इस वर्ष 27 से 29 अप्रैल तक हरोली विधानसभा क्षेत्र के कांगड़ मैदान में आयोजित होगा। उत्सव की शुरुआत 27 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा से होगी। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल उत्सव का शुभारंभ करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू उत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे ।
जिला प्रशासन ने उत्सव के भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त जतिन लाल ने शुक्रवार को हरोली के बीडीओ कार्यालय के बैठक कक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को उत्सव के यादगार आयोजन हेतु सौंपे गए दायित्वों का पूरी तन्मयता से निर्वहन करने को कहा।
उपायुक्त ने बताया कि यह उत्सव हरोली के कांगड़ मैदान में पूरी भव्यता और जनसहभागिता के साथ आयोजित किया जाएगा। तमाम तैयारियों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, और सभी समितियों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। हमारा प्रयास है कि जन सहभागिता के साथ राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 एक यादगार आयोजन बने। जतिन लाल ने बताया कि उत्सव का आगाज भव्य शोभायात्रा से होगा, जो हरोली कॉलेज मैदान से कांगड़ मैदान तक निकाली जाएगी। इसमें स्थानीय जनता, महिला मंडल, स्वयं सहायता समूहों, युवक मंडलों सहित प्रदेश और देश-विदेश के सांस्कृतिक दल भी भाग लेंगे। इस शोभायात्रा में नशा मुक्ति, नशे को ना कहें और जीवन बचाएं जैसे संदेश भी जनता तक पहुंचाए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन के दौरान 27, 28 और 29 अप्रैल को सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचल के प्रसिद्ध कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की हस्तियां मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगी। विदेशी कलाकार और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दल भी आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे। दिन में स्थानीय शिक्षण संस्थानों, सांस्कृतिक समूहों और महिला मंडलों की रंगारंग प्रस्तुतियां भी होंगी।
स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन 8 अप्रैल से
उपायुक्त ने बताया कि इस भव्य आयोजन की सांस्कृतिक संध्याओं हेतु स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन 8 से 10 अप्रैल तक लता मंगेशकर कला केंद्र, समूर कलां में रखे गए हैं। 8 और 9 अप्रैल को ऊना ज़िले के कलाकारों के लिए और 10 अप्रैल को अन्य जिलों के प्रतिभागियों के लिए ऑडिशन होंगे।
