December 22, 2025

मुंबई में लॉरेंस गैंग के 5 सदस्य गिरफ्तार

बड़े बिजनेसमैन पर थी हमले की तैयारी

मुंबई : मुंबई में क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक होटल से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी लॉरेंस विश्नोई गैंग के बताए जा रहे हैंं और मुंबई में किसी बड़े उद्योगपति और अन्य व्यक्तियों पर हमले की तैयारी में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 देसी पिस्तौल, 21 जिंदा कारतूस और 2 सिम कार्ड बरामद किए हैं। हालांकि पुलिस ने अब तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि किस व्यक्ति पर हमले की साजिश रची जा रही थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक कुमार गुप्ता, सुमित कुमार दिलावर, विकास दिनेश ठाकुर उर्फ विक्की, देवेन्द्र सक्सेना और श्रेयस यादव के रूप में हुई है। विवेक गुप्ता राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है, जबकि सुमित कुमार हरियाणा के सोनीपत से ताल्लुक रखता है। विकास उर्फ विक्की यूपी के गोरखपुर का रहने वाला है। वहीं देवेन्द्र सक्सेना मध्य प्रदेश के इंदौर का निवासी है और श्रेयस यादव बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। विकास ठाकुर उर्फ विक्की के खिलाफ उत्तर प्रदेश के सेंधवा में अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज है। वहीं, सुमित कुमार दिलावर पर हरियाणा में हत्या के प्रयास, शारीरिक हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मुंबई में किसी नामी बिजनेसमैन और अन्य लोगों पर हमला करने के लिए आए थे। हालांकि पुलिस ने इस बारे में जानकारी साझा नहीं की है कि उनका टारगेट कौन था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *