भारतीय पूर्व सैनिक लीग कण्डाघाट इकाई का तीसरा स्थापना दिवस समारोह आयोजित
सोलन, कमल जीत: भारतीय पूर्व सैनिक लीग इकाई कण्डाघाट का तीसरा स्थापना दिवस समारोह कण्डाघाट के समीप कोटला में आयोजित किया गया।
समारोह में सेवानिवृत सुबेदार मेजर सचिदानंद शर्मा उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश साऊथ जोन बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे।
देश के अमर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में कण्डाघाट यूनिट के अध्यक्ष देव प्रकाश ने स्वागत के साथ यूनिट की वर्ष भर की गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
समारोह में पंजाब में सेवारत कर्नल पुष्पिंदर पर पुलिस के हमले की कड़ी निंदा की गई। प्रस्ताव पास किया गया कि यह गंभीर और चिंता का विषय है, जिस पर सभी पूर्व सैनिकों को एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज कराने की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त पूर्व सैनिकों की समस्याओं और मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में संगठन की शक्ति, अनुशासन और पूर्व सैनिकों की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक केवल सेवा के दौरान ही नहीं, बल्कि समाज के हर क्षेत्र में अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों को लीग की मजबूती और समाज में पूर्व सैनिकों की प्रभावी भूमिका को और अधिक सशक्त करने के लिए संगठित रहने का आह्वान किया। इस समारोह में कण्डाघाट इकाई के सभी पदाधिकारी, सदस्य वीर नारिया और महिला शक्ति उपस्थित रही।
