March 4, 2026

शहीद भगत सिंह का बलिदान युवाओं को प्रेरित करता रहेगा: डॉ. आर.के. जांगड़ा

शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए दी श्रद्धांजलि


शहीद दिवस के अवसर पर स्थानीय शहीद भगत सिंह चौक पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां स्वच्छ भारत मिशन के सदस्य डॉ. आर.के. जांगड़ा विश्वकर्मा ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में भगत सिंह की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाकर दुग्ध अभिषेक किया गया, दीप जलाए गए, और पुष्प वर्षा के साथ “भारत माता की जय” व “वंदे मातरम” के उद्घोष के बीच उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. आर.के. जांगड़ा ने कहा कि शहीद भगत सिंह, सुखदेव, और राजगुरु का बलिदान देश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अपनी प्रखर क्रांति से स्वतंत्रता की ज्वाला जलाने वाले भगत सिंह का बलिदान युवाओं को देशभक्ति के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा। डॉ. जांगड़ा ने पीएम श्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वन रैंक वन पेंशन लागू करना और इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित करना शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर अश्वनी कुमार ने कहा कि भगत सिंह का हँसते-हँसते फाँसी के फंदे को गले लगाना देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके बलिदान ने आजादी के आंदोलन को नई दिशा दी थी। इस अवसर पर डॉ. जांगड़ा ने पर्यावरण और जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए झज्जर वासियों को स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाने के लिए जनभागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में अश्वनी कुमार, पवन सिंह, विक्रांत शर्मा, राजेश चौधरी, संदीप सिंह, प्रवीण कुमार, टार्जन रोहिल्ला, अनीता शर्मा, सुनीता दहिया, डॉ. ममता शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *